Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

लोकसभा चुनाव परिणाम 2019 : कांग्रेस प्रत्याशी का ऐलान, BJP जीती तो पांच साल तक रहूंगा गंजा

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2019 बस कुछ समय बाद ही खत्म हो जाएगा और नई चुनी गई सरकार कुछ दिनों बाद शपथ ग्रहण करेगी। हालांकि इससे पहले आए एग्जिट पोल के नतीजों ने विपक्षियों को होश उड़ा दिए हैं। जिसकी वजह से अब विपक्षी पार्टी के नेता ईवीएम के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा रहे हैं और यहां तक कि कई नेताओं की ओर से ऐसे बयान भी दिए गए हैं, जिनसे हिंसा भड़कने की संभावना जताई गई है।

एक तरफ जहां मतगणना चर रही है, तो ऐसे में कांग्रेस के एक नेता ने बयान जारी कर कहा है कि अगर उनके संसदीय क्षेत्र में भाजपा जीती, तो वह पांच साल गंजे होकर ही घूमेंगे। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में भाजपा की जीत पर अपना सिर मुंडवाने का ऐलान किया है। यह ऐलान उत्तर प्रदेश के अमरोहा लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सचिन चौधरी की ओर से किया गया है।

उन्होंने इसके साथ ही भाजपा प्रत्याशी पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं और कहा है कि भगवा पार्टी के समर्थन में एग्जिट पोल दिखाने वाले सभी चैनल पीएम मोदी के हाथों बिक गए हैं। चौधरी ने बुधवार को कहा था कि एग्जिट पोल सरासर बेबुनियाद हैं। भाजपा 200 का आंकड़ा छू नहीं पाएगी। भाजपा बौखलाई हुई है, इसलिए एग्जिट पोल के नतीजों को अपने पक्ष में मान रही है। भाजपा की कोशिश है कि एग्जिट पोल के बहाने छोटे दलों को अपने साथ जोड़ लिया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया है कि अमरोहा सीट से अगर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी कंवर सिंह तंवर जीत हासिल करते हैं, तो वह अपना सिर मुंडवा लेंगे और अगले पांच साल तक सिर में बाल नहीं रखेंगे। यह मेरा दावा है। एग्जिट पोल झूठ है और अफवाह है। बताते चलें कि उत्तर प्रदेश की अमरोहा सीट पर इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है।