Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

कॉमेडियन कपिल शर्मा ने फैंस से की भावुक अपील, कहा- दुआओं की जरुरत, वजह चौंकाने वाली!

मुंबई। कॉमेडियन कपिल शर्मा लंबे समय से सुर्खियों से गायब हैं। टीवी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ के विवादित ढंग से बंद होने के बाद से ही उनके डिप्रेशन में होने को लेकर खबरे आ रही हैं। इस बीच उन्होंने फैंस से भावुक अपील की है। जिसमें उन्होंने लोगों से दुआएं करने को कहा है। हालांकि कपिल ने यह अपील अपनी सेहत नहीं, बल्कि वापसी को लेकर किया है।

दरअसल, कपिल शर्मा एक बार फिर से धमाका करने को तैयार हैं। वह अक्टूबर में वापसी कर रहे हैं। लेकिन इस बार कॉमेडिन नहीं, बल्कि फिल्म निर्माता के तौर पर। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘सन ऑफ मनजीत सिंह’ को प्रोड्यूस किया है। ये फिल्म 12 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी।

खुद कपिल ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इंस्टाग्राम पर लिखा, ”मनजीत सिंह की दिल छू लेने वाली कहानी। पंजाबी फिल्म ‘सन ऑफ मनजीत सिंह’ 12 अक्टूबर 2018 को रिलीज होगी। फिल्म का फर्स्ट लुक बहुत जल्द रिलीज किया जाएगा। आपकी दुआओं की जरूरत है।”  आपको बता दें कि कपिल शर्मा ने फिल्म प्रोड्यूसर सुमित सिंह और एक्टर गुरप्रीत घुग्गी के साथ हाथ मिलाया है।

गौरतलब हो कि अपने साथी कलाकार सुनील ग्रोवर से झगड़े के बाद उनके हिट शो ‘द कपिल शर्मा शो’ की टीआरपी बुरी तरह से गिर गई थी, जिसकी वजह से शो बंद हो गया। इसके बाद कपिल की निजी जिंदगी भी काफी विवादों में रही, उन्होंने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड और मैनजर प्रीति सिमोस, उनकी बहन नीति सिमोस और पत्रकार विक्की लालवानी के खिलाफ 25 लाख रुपए वसूलने का केस दर्ज कराया था। जिसको लेकर काफी विवाद भी हुआ।

इसके बाद कपिल का नया शो ‘फैमिली टाइम विद कपिल शर्मा’ का प्रसारण शुरू हुआ, लेकिन यह किसी को खासा प्रभावित नहीं कर सका और बुरी तरह फ्लॉप हो गया।  लो टीआरपी और कपिल की गिरती सेहत के कारण ये शो बंद हो गया। तब से ही कपिल टीवी और सोशल मीडिया से गायब है। उनकी करीबी लोगों का कहना है कि कपिल इन दिनों डिप्रेशन में हैं और अपनी प्रेमिका गिन्नी के साथ ग्रीस में हैं। हाल ही में उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी जिसमें वो काफी मोटे दिख रहे थे।