Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सीएम योगी का फरमान, इलाहाबाद बनेगा प्रयागराज, कांग्रेस बोली- नाम बदलने का इतना शौक तो…

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने हाल ही में मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर दिया था। वहीं अब सरकार इलाहाबाद का नामकरण करने जा रही है। सीएम योगी ने इलाहाबाद का  नाम प्रयागराज रखने का फैसला किया हैै।  उनके इस फैसले का कांग्रेस ने खुलकर विरोध करना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस तर्क दे रही है कि जिस स्थान पर कुंभ का मेला लगता है उसे पहले प्रयागराज के नाम से जाना जाता था। अगर नाम बदलने के लिए सरकार इतनी ही उत्सुक है तो वो प्रयागराज नाम का अलग शहर ही बना देना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ओंकार सिंह ने इलाहाबाद का इतिहास साझा करते हुए कहा कि इलाबाहाद में जहां कुंभ लगता है उस जगह को पहले से प्रयागराज कहा जाता है और अगर उत्तर प्रदेश सरकार शहर का नाम बदलना के लिए इतनी ही उत्सुक है तो इस जगह को अलग शहर बना देना चाहिए, लेकिन इलाहाबाद का नाम नहीं बदला जाना चाहिए।

ओंकार सिंह ने बताया कि आजादी की लड़ाई के दौरान इलाहाबाद प्रेरणा का एक मुख्य केंद्र रहा था। उन्होंने कहा कि 1888, 1892 और 1910 में कांग्रेस महाधिवेशन यहीं हुआ था। इसी शहर से देश को अपना पहला प्रधानमंत्री मिला। इसके अलावा अगर इलाहाबाद का नाम बदला गया तो इलाहाबाद यूनिवर्सिटी अपनी पहचान खो देगी।

एक तरफ जहां कांग्रेस इस फैसले का विरोध तर्कों के ज़रिए कर रही है वहीं बीजेपी ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। भाजपा प्रवक्ता मनोज मिश्रा ने बताया कि ये घोषणा लाखों लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने कहा कि ‘अकबर की निशानी को मिटाकर पौराणिक नाम देना श्रेयस्कर है।’

आपको बता दें कि रविवार को उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने इलाहाबाद का नाम प्रयागराज करने का फैसला लिया था। सीएम योगी ने बताया कि बैठक में संतों और अन्य गणमान्य लोगों ने इलाहाबाद का नाम प्रयागराज किए जाने का प्रस्ताव रखा था, जिसे सरकार की ओर से पहले ही प्रयागराज मेला प्राधिकरण का गठन करते समय मंजूरी दी जा चुकी है। राज्यपाल ने भी इस प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। यह प्रयास होगा कि जल्द से जल्द इलाहाबाद का नाम प्रयागराज हो जाए।