Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

विपक्षी मोर्चाबंदी की कवायद तेज, राहुल के बाद अखिलेश-मायावती से आज मुलाकात करेंगे चंद्रबाबू नायडू

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान रविवार यानी कल होना है। इस दौरान 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोटिंग होगी। लेकिन इससे ठीक पहले बीजेपी के खिलाफ विपक्षी एकता के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, चुनाव परिणाम से पहले विपक्ष को मजबूत धुरी में बांधने के लिए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री व तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू शनिवार शाम को लखनऊ पहुंच रहे हैं। यहां वह सपा और बसपा प्रमुख अखिलेश यादव व मायावती से मुलाकात करेंगे। ऐसे पार्टी के सूत्रों का कहना है।

शाम 4 बजे अखिलेश-मायावती से मुलाकात करेंगे नायडू!

टीडीपी सूत्रों ने बताया कि नायडू दिल्ली से लखनऊ के लिए दोपहर 2.45 बजे के आसपास रवाना होंगे और अपराह्न करीब 3.45 बजे लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्र ने कहा कि नायडू शनिवार शाम करीब सात बजे एक चार्टर्ड प्लेन से आंध्र प्रदेश लौट जाएंगे।

उत्तर प्रदेश पहुंचने से पहले टीडीपी अध्यक्ष नायडू ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। बता दें कि नायडू ने शुक्रवार को चुनाव आयोग से भी मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने आयोग से महात्मा गांधी का अपमान करने के लिए बीजेपी की भोपाल से लोकसभा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान कल

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में रविवार को सात राज्यों की 59 संसदीय सीटों के लिए रविवार को मतदान होगा। 23 मई को चुनाव परिणाम आएंगे।