Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भारत बंद: जगह-जगह हो रही तोड़फोड़ व आगजनी, तस्वीरों में देखें बंद का हाल

 

नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ 10 सितंबर को कांग्रेस ने भारत बंद का ऐलान किया है। इस बंद कांग्रेस को जनता दल (सेक्युलर) और लेफ्ट पार्टियां समेत कई राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिला। बंद का असर सुबह से ही अलग-अलग राज्यों में दिखा। कहीं ट्रेन रोकी गईं, तो कहीं बसों में तोड़फोड़ की गई। सड़कों पर आगजनी से यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई।

झारखंड की राजधानी रांची में भी भारत बंद के समर्थन में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार को पूरी तरह फेल करार दिया। इसके बाद सभी ने गिरफ्तारी दी।

बिहार की राजधानी पटना में भारत बंद के दौरान जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर कई जगह ट्रेनें रोकीं।

वहीं दक्षिण के राज्यो में भी बंद का असर देखा गया। कर्नाटक के मेंगलुरु में कुछ उपद्रवियों ने एक प्राइवेट बस पर पत्थर फेंके। हालांकि, इस दौरान कोई हताहत नहीं हुआ है।

केरल में भी विपक्ष के भारत बंद का असर देखने को मिला। राज्य की बस सर्विस भी पूरी तरह से ठप है। भारत बंद के कारण लोगों को कई तरह की परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।

गुजरात के भरूच में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टायरों को आग लगाकर बसों को रोक दिया। इससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ओडिशा के भुवनेश्वर में भारत बंद का असर, सड़कों पर विपक्षी पार्टियों का प्रदर्शन, ट्रेन रोकी। बंद के मद्देनजर ओडिशा सरकार ने 10 सितंबर को तमाम स्कूल बंद रखने का निर्देश दिया है।

तेलंगाना में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। यदादरी भुवनागिरी , भोंगिर, मुर्शिदाबाद में बसों को रोककर तेल की बढती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया।

वहीं पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बंद का समर्थन किया। राजधानी कोलकाता में बंद का असर दिखा। वहीं लेफ्ट दलों ने भी बंद के दौरान जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वामदलों के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।