Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अमर सिंह आरएसएस प्रेम, दान दी करोड़ों की संपत्ति

लखनऊ। समाजवादी पार्टी से बागी हुए राज्यसभा सांसद अमर सिंह का अब आरएसएस के प्रति प्रेम जाग रहा है। अमर सिंह ने अपनी आजमगढ़ स्थित पैतृक संपत्ति राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ी संस्था सेवा भारती संस्थान को दान कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार अमर सिंह ने अपने स्वर्गीय पिता की याद में उनकी संपत्ति सेवा भारती के नाम पर करने का फैसला लिया। जब से उनके पिता की मौत हुई थी, तभी से उनका यह घर खाली रहता था।

सेवा भारती को दान दी गई संपत्ति में अमर सिंह का पैतृक आवास भी शामिल है। एक अनुमान के मुताबिक उस घर की कीमत 4 करोड़ बताई जा रही है। साथ ही तरवां गांव की 10 बीघा जमीन जिसकी कीमत 10 करोड़ बताई जा रही है दान में दी गई है।

बुधवार को वाराणसी से जौनपुर जाते हुए अमर सिंह ने इस बात की पुष्टि की और कहा, ‘संघ बड़ी संस्था है। उसे कुछ दान देना बहुत छोटी बात होगी। मेरे स्वर्गीय पिता की याद में मेरी संपत्ति को देकर, मैंने समाज की सेवा के प्रयासों में योगदान करने की कोशिश की है।’

गौरतलब है कि अमर सिंह की पूरी राजनीतिक पारी आरएसएस के खिलाफ रही है। वे आरएसएस को सांप्रदायिक बताते रहे हैं।