Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

UP सरकार के 2 साल : CM योगी बोले, मेरे कार्यकाल में नहीं हुआ एक भी दंगा

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भाजपा सरकार ने सोमवार को दो साल पूरे कर लिए। सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस बुलाई। इसमें योगी ने कहा कि आज हमें खुशी हो रही है कि ये वही प्रदेश है जिसकी पहचान दंगों से होती थी, लेकिन 24 महीने के कार्यकाल को पूरा करने के बाद हमने इसकी पहचान बदलने का काम किया।

मेरे कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ, जबकि पुलिस ने मुठभेड़ में 73 अपराधियों को मार गिराया। कांग्रेस ने आजादी के बाद से प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक राज किया, लेकिन इतने दिनों में इसे बीमारू राज्य बना दिया। वर्ष 1990 के बाद समाजवादी पार्टी को चार और बहुजन समाजवादी पार्टी को तीन बार प्रदेश चलाने का मौका मिला।

इन दोनों के शासन काल में प्रदेश में व्यापक अराजकता का एक दौर शुरू हो गया। प्रदेश में बेरोजगारी फैलने के साथ किसानों की स्थिति दयनीय हो गई। युवा अपनी प्रतिभा कहीं और जाकर दिखाने लगे, पलायन शुरू हो गया। हमने प्रदेश में सकारात्मक माहौल दिया। मैं हम पर भरोसा जताने के लिए उत्तर प्रदेश की 23 करोड़ जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में जब भाजपा को भारी बहुमत मिला तो विधायकों ने सर्वसम्मति से योगी आदित्यनाथ को नेता चुना। उन्हें 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री बना दिया गया। तब वे गोरखपुर से सांसद थे। बाद में उन्होंने संसद सदस्यता से इस्तीफा देकर विधान परिषद का चुनाव जीता और एमएलसी बने। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडे भी मौजूद रहे।