Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

सख्त कानून के बावजूद भी नहीं थम रहीं बालिका विवाह की घटनाएं

देव श्रीवास्तव/मोहम्मदी-खीरी।
सरकारों के तमाम प्रयास व सख्त कानून बनाए जाने के बावजूद बालिका विवाह की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। बुधवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया जहां महज 14 वर्षीय एक बालिका की शादी उसकी दूनी से भी ज्यादा उम्र के व्यक्ति से करने की कोशिश की जा रही थी। इस बीच लड़की की विवाहिता फुफेरी बहन ने पुलिस को फोन कर दिया। जिस पर पुलिस गांव पहुंच गई और शादी की चल रही कोशिशों को रुकवा दिया। पुलिस पंचायत कर रहे लोगों को थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। 
  जानकारी के अनुसार, गाजीपुर जिले का रहने वाला मुरारी मुसहर जाति का है। वह अपने बहनोई रामनिवास निवासी कंजा के घर आया था। वहां उसने अपनी 14 साल की बेटी की शादी अपने बहनोई के 35 वर्षीय भाई जयपाल के साथ तय कर दी। इसके बाद मामला पंचायत तक पहुंच गया। पंचायत में शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। पर इस फैसले से रामनिवास की बेटी गीता राजी नहीं थी। गीता का विवाह हरनाजाट में हुआ था। उसने बहन की जिंदगी बचाने के लिए परिवार से टकरा जाने का इरादा कर लिया। एक तरफ पंचायत चल रही थी और दूसरी तरफ गीता ने क्षेत्रीय पुलिस को इसकी जानकारी देते हुए मदद मांगी। 
  बाल विवाह की चल रही कोशिश की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस गांव में चल रही पंचायत तक पहुंची और राम निवासी व जयपाल सहित पंचायत कर रहे लोगों को थाने ले आई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया था। उधर इस घटना की खबर लोगों में पहुंचने पर रोष जताते हुए पुलिस से उचित व कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।