Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

शहीद परिवारों की ज्यादा से ज्यादा मदद होनी चाहिए: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि देश फौज के साथ हैं पुलवामा में शहीद जवानों की बहादुरी को देश सलाम करता है। इस शोक की घड़ी में हम सबकी संवेदना शहीदों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति है। शहीद परिवारों की ज्यादा से ज्यादा मदद होनी चाहिए। पाकिस्तान को सबक सिखाने के मुद्दे पर सब एकराय हैं। सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। घटनाएं अभी भी रूकी नहीं हैं। सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है।

अखिलेश यादव से आज बलवंत सिंह रामूवालिया के नेतृत्व में आए सिख प्रतिनिधिमण्डल तथा अमृत राजपाल के नेतृत्व में सिंधी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने भी भेंट की। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा से सावधान रहना है। वह शहीदों के प्रति भी गंभीर नहीं है। उनमें कोई संवेदना नहीं है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि सन् 2019 का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। यह लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। आतंकवाद और भ्रष्टाचार में वृद्धि हुई है। नोटबंदी से न भ्रष्टाचार रूका और नहीं आतंकवाद समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि हम किसान समाज से हैं। किसानों के लिए बड़ी-बड़ी मंडियों का निर्माण समाजवादी सरकार में ही हुआ। सरकार को किसानों को उनके उत्पादन का डेढ़ गुना मूल्य मिलना चाहिए। खेती घाटे का सौदा बन गई है। सरकार के पास संसाधन हैं उनसे किसान को सुविधाएं मिलनी चाहिए। यादव ने कहा कि कश्मीर में हुई घटना में इंटेलीजेंस की विफलता पर सरकार को जवाब देना चाहिए। भाजपा के चुनाव प्रचार को भी रोका जाना चाहिए। इस समय देश के समक्ष गरीबी, बेकारी जैसे बड़े सवाल हैं। शिक्षा का अभाव है। अस्पतालों में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है।