Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

भाजपा रोजगार, किसान और मंहगाई के मुद्दों पर पर्दा डाल रही: अखिलेश

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा रोजगार, किसान और मंहगाई के मुद्दों पर पर्दा डाल रही है। नौजवानों की पीढ़ी बिना कामकाज के भटक रही है। कानून व्यवस्था अराजकता की भेंट चढ़ गई है। ऐसे में सन् 2019 में होने वाले लोकसभा के चुनावों में लोकतंत्र की परीक्षा होगी। लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को हटाना राष्ट्र हित में है। यही ‘‘राष्ट्र धर्म‘‘ है। आज यहां डाॅ0 राममनोहर लोहिया सभागार, पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में एकत्र कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा पाखण्डी है। झूठ की खेती उगाना उनका एजेण्डा है। समाज में नफ़रत फैलाना उनका मुख्य काम है। अंधविश्वास की आड़ में भाजपा अधर्म करती है। छल बल से भाजपा ने देश के कारपोरेट जगत पर एकाधिकार कर रखा है। प्रचार माध्यमों पर सत्ताधारी दल का कब्जा है। भाजपा का यह कृत्य अलोकतांत्रिक है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और आरएसएस का विकास और सामाजिक सौहार्द से कोई नाता-रिश्ता नहीं है। भाजपा जातिवाद फैलाती हैं जबकि समाजवादी जातिवाद के विरूद्ध है। भारत के स्वतंत्रता आन्दोलन में आरएसएस की कोई भूमिका नहीं थी। वह तो समाजवादी थे जिन्होंने सन् 1942 के आन्दोलन को गति दी थी। आजादी के बाद आरएसएस पर तत्कालीन गृहमंत्री सरदार पटेल ने प्रतिबंध लगा दिया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि बलपूर्वक और एक पक्षीय रूप से सामाजिक परिवर्तन नहीं लाया जा सकता है। महिला सशक्तीकरण के नाम पर जो अध्यादेश सरकार ला रही है वह धर्मनिरपेक्ष व्यवस्था के लिए खतरा हैं। विश्वविद्यालयों से लेकर सड़क तक भाजपा उत्पीड़न की कार्यवाही कर रही है। सम्मान और सद्भाव की राजनीति ही देश को प्रगतिशील बना सकती है। भाजपा की सोच विकास की नहीं है।