Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

बड़ीखबर: कांग्रेस अध्यक्ष पद पर राहुल की ताजपोशी आज, पार्टी मुख्‍यालय के बाहर जुटे समर्थक

राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार शनिवार को संभाल लेंगे। उनकी ताजपोशी के लिए पार्टी मुख्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। इसी में कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी के चेयरमैन मुल्लापुल्ली रामचंद्रन उन्हें अध्यक्ष निर्वाचित होने का प्रमाणपत्र सौंपेंगे।

कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड के लॉन और परिसर को तिरंगे से सजाया गया है। गुजरात और हिमाचल चुनाव में पार्टी के खिलाफ आए एक्जिट पोल के नतीजों के बावजूद नेताओं व कार्यकर्ताओं में राहुल की ताजपोशी को लेकर बहुत उत्साह है। मुख्य मंच पर राहुल, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं। ये तीनों ही समारोह को संबोधित करेंगे।

वरिष्ठ नेता महासचिव जनार्दन द्विवेदी समारोह का संचालन करेंगे। समारोह में प्रियंका वाड्रा और उनका परिवार की मौजूद रहेगा। राहुल के पदभार ग्रहण करने का गवाह बनने के लिए देशभर से नेता और कार्यकर्ता दो दिन पहले से ही पहुंचने लगे हैं।

आपको बता दें कि राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष पद पर ताजपोशी से पहले एग्जिट पोल के नतीजों ने उनकी उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। विभिन्न एग्जिट पोल के नतीजे बता रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात का अपना गढ़ बचाने में कामयाब रही है। इसके साथ भाजपा ने कांग्रेस से हिमाचल प्रदेश का ताज छीन भी लिया है। एग्जिट पोल के नतीजे गुजरात और हिमाचल दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार बनने की संभावना जता रहे हैं।