Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

प्रियंका को मिली यूपी की जिम्मेदारी विपक्ष ने कहा, कांग्रेस का विषय यूपी व देश से समाप्त हो चुका है

लखनऊ। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने प्रियंका वाड्रा को मैदान में उतार दिया है। मां सोनिया व भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में प्रचार कमान संभालने वाली प्रियंका वाड्रा को कांग्रेस ने 2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका को पहली बार अमेठी और रायबरेली के बाहर कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी संभालेंगी। राहुल ने उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाते हुए पूर्वी यूपी तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी सौंपी है।

कांग्रेस नेता इसे राहुल गांधी का मास्टर स्ट्रोक कह रहे हैं। मां सोनिया जब 1999 में अमेठी सीट से उतरीं तो प्रियंका ने इलेक्शन मैनेजमेंट अपने हाथ में ले लिया था। साल 2014 में राहुल गांधी ने अमेठी से पहली बार चुनाव लड़ा तो प्रियंका ने भाई के लिए प्रचार किया। यही वजह है कि अमेठी व रायबरेली में प्रियंका वाड्रा की कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त पैठ है। सियासी गलियारों में यह भी कहा जा रहा था कि प्रियंका अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली से 2019 का लोकसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। यह चर्चा उन अटकलों से जुड़ी थी कि सोनिया गांधी 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ेंगी या नहीं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने कहा कि पार्टी को अपना दायित्व किसे देना है, यह उसका निजी विषय है, लेकिन इतना कहना है कि सोनिया गांधी हों, राहुल हों या प्रियंका, कांग्रेस का विषय यूपी व देश से समाप्त हो चुका है। कोई आकर्षण नहीं है। वे जिनके साथ गठबंधन का रियाज कर रहे हैं, वहीं उनको सीरियस नहीं ले रहे हैं। रायबरेली हम जीतेंगे, यह भाजपा का संकल्प है।

कोई चमत्कार नहीं होगा; सपा प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कहा कि, कांग्रेस ने प्रियंका को कुछ हिस्से का प्रभारी बनाया है। यह उनका अंदरूनी मामला है। लेकिन कुछ नया चमत्कार होगा, ऐसा मुझे नहीं लगता है।

मोदी देश से जाने वाले हैं;  कांग्रेस प्रवक्ता दीपक सिंह ने कहा कि निश्चित रुप से यही हमारा है नारा है कि, जीतेंगे देश-फतेह करेंगे उत्तर प्रदेश। राहुल गांधी को एक बढ़िया सारथी मिल गया है। रायबरेली से चुनाव लड़ने के सवाल पर दीपक सिंह ने कहा कि बहुत कुछ होने वाला है। राहुल गांधी आने वाले हैं, मोदी जाने वाले हैं।