Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

पुल की साइड वाल से टकराई कार, दो की मौत

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
 
  • घायल साथी जिला अस्पताल में भर्ती

  • लखीमपुर से खरीददारी कर वापस लौट रहे थे गांव

  • सोमवार-मंगलवार की देर रात हुआ हादसा

  • गाड़ी काटकर सुबह निकाला जा सका चालक का शव

  • घने कोहरे में नहीं जान सके थे पुल का घुमावदार रास्ता

जिला मुख्यालय से खरीददारी कर लौटते समय तेज रफ्तार गाड़ी के अनियंत्रित होकर पुल की साइड वाल से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे जान-पहचान वालों व पुलिस ने तीनों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। 
  जानकारी के अनुसार,नीमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनाबाद मजरा लोहटी निवासी छोटे सिंह (40), हरीश सिंह (38) व ग्राम अमघट निवासी राजेश पाण्डेय उर्फ झल्लर कार पर सवार होकर सोमवार को खरीददारी करने लखीमपुर आए थे। यहां से खरीददारी कर देर रात सभी लोग वापस घर जा रहे थे। रात में बहुत अधिक कोहरा पड़ रहा था। हरीश सिंह गाड़ी चला रहे थे। कयास लगाया जा रहा है कि कोहरे के चलते वह लखीमपुर-बेहजम मार्ग पर स्थित गौरिया पुल के घुमावदार रास्ते को वह सही से समझ नहीं सके और उनकी गाड़ी पुल की साइड वाल से टकरा गई। तेज टक्कर के चलते गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छोटे सिंह व हरीश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं साथ में बैठे राजेश पाण्डेय बुरी तरह घायल हो गए। 
  राहगीरों ने तुरंत मामले से पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल आदि से सभी के परिजनों को सूचित किया। इस पर लोहटी ग्राम प्रधान रमेश कुमार वर्मा सहित परिवार व गांव के लोग घटना स्थल पर आ गए। मृतक छोटे सिंह और घायल राजेश पाण्डेय को आनन-फानन निकाल लिया गया। राजेश को तुरंत पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं हरीश सिंह गाड़ी के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गए। पूरी रात उन्हें निकालने की जद्दोजहद चलती रही। सुबह गाड़ी के अगले हिस्से को काटकर हरीश सिंह का शव निकाला जा सका। मौत की खबर सुनते ही दोनों परिवारों में मातम होने लगा। घरों के बाहर लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। 

छात्रा के दुख में शामिल हुआ महाविद्यालय

मृतक छोटे सिंह की बेटी लक्ष्मी सिंह अमघट स्थित रामबख्श सिंह स्मारक डिग्री कालेज में स्नातक प्रथम की छात्रा है। हादसे की खबर मिलते ही कालेज प्रबंधक रमेश सिंह ने दुख जताया। वह छात्रा के पिता व घायल ग्रामीण को लाने की खबर मिलते ही देर रात जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं मंगलवार को उन्होंने विद्यालय में दो मिनट का शोक रखने के बाद अवकाश कर दिया। 

कुछ दिन पहले भी सड़क हादसे का शिकार बने थे राजेश 

 हादसे में घायल राजेश पाण्डेय उर्फ झल्लर कुछ दिन पहले ही सड़क हादसे का शिकार बने थे। उस हादसे में उनका पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया था। काफी दिनों तक चले इलाज व प्लास्टर चढ़ाने के बाद वह कुछ हद तक सही हो पाए थे कि अचानक एक और हादसे ने उन्हें फिर से घायल कर दिया।