Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

नए साल पर मुलायम ने दे डाली अखिलेश को ये नसीहत

लखनऊ। साल के पहले दिन समाजवादी पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव ने नव वर्ष की बधाई के साथ बेटे अखिलेश को नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि भाजपा से मुकाबले के लिए सपा को और तैयारी करनी चाहिए। भाजपा ने अधिक तैयारी की है। उनके ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। वह इसे ठीक से निभाएं। अभी वह ठीक से जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं।

सपा मुख्यालय में नव वर्ष के पहले दिन कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। उनसे मिलने मुलायम भी पहुंचे। उन्होंने पार्टी में लड़कियों को अधिक जिम्मेदारी दिए जाने पर जोर दिया। कहा कि लड़कियां जब रहेंगी तो परिवार साथ रहेगा। उन्होंने युवाओं को अनुशासन की भी सीख दी। कहा, वह खुद भी कार्यक्रमों में जाएंगे। आप लोग कार्यक्रम मांगें, मैैं आऊंगा। पड़ोसी राज्यों में भी जाऊंगा। सपा को मजबूत बनाइए। सिर्फ सपा के ही वोट पड़ गए तो भाजपा हार जाएगी।

इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नववर्ष की बधाई देते हुए कहा कि सपा नौजवानों की पार्टी है। नौजवान ही परिवर्तन के ध्वजवाहक होते हैं। वे ही फिर सत्ता परिवर्तन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज तारीख बदली है तो लोग उतना खुश हैं। जिस दिन भाजपा सरकार बदल गई, लोगों की खुशी का कितना असर होगा, आप कल्पना कर सकते हैैं। संबोधन के दौरान युवाओं ने अखिलेश जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू किए तो मुलायम को गुस्सा आ गया। उन्होंने युवाओं को डांटा कि हम तुम्हें अच्छी बात सिखा रहे हैं, तो शोर कर रहे हो। जब नेता अच्छी बात करे तो ताली पीटो, नारे लगाकर तो सबको डिस्टर्ब करते हो। इसके बाद कार्यकर्ताओं की ओर से धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाए जाने लगे।