Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

दो लाख नकद न मिलने पर मंडप नहीं पहुंचा दूल्हा, हाथ जोड़ते रहे दुल्हन के घरवाले

जानकीपुरम क्षेत्र में एक दुल्हन व उसके परिवारीजन रातभर मंडप में बैठकर दूल्हे का इंतजार करते रहे लेकिन दहेज लोभी दूल्हा बरात लेकर ही नहीं पहुंचा। लड़की का रिश्ता सिर्फ इसलिए टूट गया क्योंकि दहेज लोभी दूल्हे को समय पर दो लाख रुपये नहीं मिले।

देर रात तक बरात न आने पर दुल्हन की मां कुछ महिलाओं के साथ दूल्हे के घर पहुंची और आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। जिस पर दहेज लोभियों ने कहा कि अगर दो लाख नहीं ला सकती तो बेटी को गोमती में फेंक दो।

इंस्पेक्टर जानकीपुरम सतीश सिन्हा के मुताबिक लड़की की मां की तहरीर पर दूल्हे राजकमल व उसके पिता रामनरेश, भाई राजू, सचिन, बहन सोनी व मां के खिलाफ दहेज एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज हुई है।

आयुष विहार जानकीपुरम विस्तार निवासी एक दंपती ने अपनी बेटी की शादी शिवानी विहार कल्याणपुर निवासी राजकमल से तय की थी।

लड़की की मां ने जानकीपुरम थाने में दी गई तहरीर में कहा है कि 16 अप्रैल को बरात आने वाली थी। दुल्हन रातभर मंडल में बैठकर दूल्हे का इंतजार करती रही।

दंपती के मुताबिक वर पक्ष के लोग दहेज में दो लाख रुपये मांग रहे थे। जबकि उन्हें बरीछा में 11 हजार रुपये, फल समेत अन्य सामान व दो बार में एक लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त दूल्हे को देने के लिए बाइक भी खरीद ली थी।

शादी से इंकार करने पर दंपती ने हाथ जोड़ कर विनती कर अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। उनके समझाने पर वर पक्ष के लोग मान गए।

रविवार को बरात आनी थी लेकिन देर रात तक जब बरात नहीं आई तो दुल्हन के पिता ने दूल्हे के पिता से बात की।

दूल्हे के पिता ने बताया कि जब तक दो लाख रुपये मेरे घर नहीं पहुंचाओगे, बरात नहीं लाएंगे। उन्होंने विनती की बताया कि रिश्तेदार घर पर इकट्ठा हैं, जिस पर दहेज लोभियों ने उन्हें गालियां दी और भगा दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.