Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

तहसील परिसर से शव बरामद होने से मचा हड़कम्प

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।

लखीमपुर तहसील में शनिवार की रात उस वक्त हड़कम्प मच गया जब एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक गढ़ी रोड स्थित कांशीराम कालोनी में रहता था। खबर लगते ही परिवारीजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने हत्या कर शव को फेंके जाने का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

जानकारी के अनुसार, धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलरिया निवासी किशन (20) अपने भाई के साथ गढ़ी रोड स्ािित कांशीराम कालोनी में रहता था। शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे किसी ने पुलिस को सूचना दी कि एक शव तहसील परिसर में लगे पेड़ के पास पड़ा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव की शिनाख्त काशीराम कालोनी गढ़ी रोड निवासी मृतक के बड़े भाई अरुण कुमार ने अपने भाई के किशन के रूप में की। बड़े भाई अरुण कुमार ने बताया कि किशन सिंह शनिवार की शाम करीब साढ़े छह बजे यह कहकर साइकिल से घर से निकला था कि वह अभी आ रहा है। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। शाम करीब साढ़े आठ बजे खाना खाने के लिए जब उन्होंने केशव को फोन किया तो काल पुलिस ने रिसीव की। पुलिस ने उसे बताया कि किशन की मौत हो गई है और वह जिला अस्पताल में है। 

सूचना पर परिवार में चीखपुकार मच गई। सूचना पर अरुण अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा तो देखा उसके भाई का शव पड़ा था। कपड़ों पर मिट्टी लगी थी। एक पैर के घुटने की पैंट फटी हुई थी। चेहरे पर चोट के निशान थे और सीना दबा हुआ था। परिवार वालों ने जहां हत्या कर शव फेके जाने की आशंका जताई है, वहीं पुलिस ने भी इस आशंका से इंकार नहीं किया है। पंचायतनामा भरने वाले महेवागंज चौकी इंचार्ज अनिल कुमार सिंह ने बताया कि संभवता सीने पर अधिक चोट लगने से मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.