विज्ञान लंबे समय से अंतरिक्ष में ऐसे ग्रहों की तलाश में लगा हुआ है जिन पर जीवन संभव हो। खोज के इसी क्रम में जापान के वैज्ञानिकों ने 15 नए ग्रह खोज निकाले हैं, इनमें से तीन को उन्होंने ‘सुपर अर्थ’ कहा है। इन तीन में से एक ग्रह पर पानी होने की भी संभावना जताई जा रही है।
वैज्ञानिकों के मुताबिक लाल तारों के अध्ययन से भविष्य में एक्सोप्लैनेट से जुड़ी रोचक जानकारियां मिल सकती हैं। इनके अध्ययन से ब्रह्मांड में मौजूद ग्रहों के विकास संबंधी जानकारियां जुटाई जा सकती हैं। इस शोध में 3 ऐसे ग्रह खोजे गए, जिन्हें सुपर अर्थ कहा जा रहा है। ये ग्रह पृथ्वी से 200 प्रकाश वर्ष दूर स्थित के-2-155 तारे का चक्कर लगा रहे हैं। इनके आकार की बात करें तो ये तीनों ग्रह पृथ्वी से आकार में बड़े हैं।
वैज्ञानिकों का कहना है कि इस तारे का चक्कर लगा रहे सबसे बाहरी ग्रह के-2-155 डी पर पानी हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए के-2-155 के आकार और तापमान का सटीक अनुमान लगाना होगा। इस खोज के बीच अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा अप्रैल में ट्रांजिटिंग एक्सोप्लैनेट सर्वे सैटलाइट (टी.ई.एस.एस.) लॉन्च करने जा रही है। इस अभियान के तहत और ज्यादा एक्सोप्लैनेट का पता लगाया जाना है।