Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

खेत की रखवाली कर रहे किसान को बदमाशों ने मारी गोली

देव श्रीवास्तव
लखीमपुर-खीरी।
ईसानगर थाना क्षेत्र में बदमाश अपनी दहशत कायम रखने के लिए एक के बाद एक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बीते दिनों दो घटनाओं में बदमाशों के गोली लगने के बाद भी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही। बीती रात भी थाना क्षेत्र एक गांव में मक्के का खेत बचा रहे किसान को बदमाशों ने गोली मार दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने एम्बुलेंस के द्वारा घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। 
 जानकारी के अनुसार ईसानगर थाना क्षेत्र के रमनगरा मजरा जगदीशपुर निवासी मोहन भार्गव का 22 वर्षीय पुत्र उमेश मक्के के खेत में मचान के ऊपर फसल की रखवाली करने के लिए लेटा हुआ था। पड़ोस के मक्के के खेत में भी गांव के लालजी राजपूत अपनी फसल की रखवाली कर रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे लालजी अपने खेत की तरफ चला गया। इसी बीच हथियारबंद बदमाश उमेश के मचान के पास आये। उमेश ने उन पर टार्च लगाई तो बदमाशों ने उस पर अपने देशी कट्टे से फायर कर दिया। फायर सीधे उसके पेट में लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। शोर मचाने पर गांव से लोग दौड़ पड़े। गांव वालों को आता देख बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना डायल 100 पर दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा व डायल 100 पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल को पीएचसी ईशानगर भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने घायल की गम्भीर अवस्था के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र में हो रही लगातार बदमाशों की आमद से ग्रामीण दहशत में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.