Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

उत्‍तराखंड: कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष को लेकर कयास शुरू

INCदेहरादून : चौथी विधानसभा के चुनाव में प्रदेश की सत्ता से हटकर विपक्ष में बैठने को मजबूर हुई कांग्रेस में अब नेता प्रतिपक्ष को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं। इस दौड़ में पार्टी के वरिष्ठ विधायकों में इंदिरा हृदयेश, गोविंद सिंह कुंजवाल और प्रीतम सिंह को बताया जा रहा है। 
राज्य विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त मिली और वह महज 11 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई। नई विधानसभा का गठन होने के बाद सदन में कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में रहेगी। ऐसे में पार्टी के भीतर नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं। हालांकि, इस बारे में फैसला नई विधानसभा गठित होने पर किया जाना है। इसे लेकर होली के  बाद पार्टी में मंथन शुरू होगा। 
पार्टी में इस पद के लिए दो दावेदार स्वाभाविक माने जा रहे हैं। इनमें पिछली सरकार की वरिष्ठ मंत्री इंदिरा हृदयेश और प्रीतम सिंह शामिल हैं। इसके अलावा जागेश्वर सीट से जीत दर्ज करने वाले वरिष्ठ विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल को भी पद की दौड़ में माना जा रहा है। पार्टी ने युवा चेहरे पर भरोसा जताया तो प्रीतम सिंह का पद पर दावा प्रबल माना जा सकता है। 
हालांकि, इस बारे में फैसला पार्टी विधायकों और हाईकमान के स्तर पर ही होना है। माना जा रहा है कि नेता प्रतिपक्ष तय करने में भी मुख्यमंत्री हरीश रावत की अहम भूमिका रह सकती है। पूछने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि नई विधानसभा गठित होने पर इस बारे में फैसला होगा। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि होली के बाद इस बारे में पार्टी की बैठक में इस बारे में चर्चा होगी। विधायकों से मशविरे के बाद ही इस बारे में आगे फैसला लिया जा सकता है।
 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.