Breaking News

आवश्यक सूचना: प्रदेश जागरण के सभी निर्गत परिचय पत्र निरस्त किये जा चुके हैं | अगस्त 2022 के बाद के मिलने या दिखने वाले परिचय पत्र फर्जी माने जाएंगे |

अभी अभी: PM मोदी ने “मन की बात” में दिया ये बड़ा बयान, कहा-भारत की विविधता ही है इसकी विशेषता

नईदिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज प्रसारित हुए मन की बात रेडियो प्रसारण कार्यक्रम में कहा कि युवाओं में खादी के प्रति आकर्षण बढ़ा है। यह एक अच्छी बात है। अब दिवाली के तोहफे के तौर पर खादी का उपयोग होने लगा है। खादी का महत्व और बढ़ना चाहिए। इससे लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने स्वच्छता अभियान को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि बडे़ पैमाने पर लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। इस कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने मीडिया को धन्यवाद दिया और कहा कि इस आंदोलन को मीडिया ने आगे बढ़ाया व अपने – अपने तरीके से मीडिया ने अपना योगदान दिया है।

स्वच्छता का यह अभियान संकल्प से सिद्धि तक का प्रतीक हो गया है। हमें स्वच्छता को स्वभाव बनाना होगा। उन्होंने कश्मीर के एक किशोर बिलाल डार का उल्लेख करते हुए स्वच्छता अभियान को लेकर, उसके द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। साथ ही श्रीनगर के नगरीय निकाय को बधाई देते हुए कहा कि बिलाल को एंबेसेडर बनाकर एक अच्छा कार्य किया गया है। बिलाल को ड्रेस दी गई है जो कि लोगों को प्रेरणा देता है। वह स्वच्छता के लिए लोगों को शिक्षित करता है। यह एक बहुत महत्वपूर्ण बात है।

नानाजी देशमुख और पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मजयंती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह में महात्मा गांधी के साथ विभिन्न महापुरूषों की जन्मजयंती मनाई जाएगी। ये ऐसे महापुरूष हैं जो कि सत्ता के गलियारे से कोसों दूर रहे। इन लोगों ने सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय के लिए कार्य किया। नानाजी देशमुख ने ग्रामोदय को लेकर कार्य किया था। पं. उपाध्याय और महात्मा गांधी समाज में अंतिम व्यक्ति की बात करते थे। शिक्षा, रोजगार के माध्यम से उसके जीवन में लाए जाने वाले बदलाव को लेकर चर्चा करते थे।

उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की स्मृति में 31 अक्टूबर को रन फाॅर यूनिटि का अवसर होगा। देशभर में इस मौके पर वृहद आयोजन होना चाहिए। मैं अगली मन की बात में सरदार पटेल को लेकर चर्चा करूॅंगा लेकिन यह जरूर कहूॅंगा कि रन फाॅर यूनिटी के लिए कार्य किया जाना चाहिए। विविधता में एकता भारत की विशेषता है। क्या आपने इसका अनुभव किया है। हम इसकी महक को अनुभव करें। आपके व्यक्तित्व के विकास के लिए देश की विविधता एक पाठशाला का कार्य करती है।

हम अपने देश की विविधता को जानते नहीं है, समझते नहीं है, और विदेशों में टूर करते हैं मुझे इस बात पर ऐतराज नहीं है लेकिन हमारे देश की विविधता को तो देखिए। हम अपने देश को न भूलें। हमारा देश कई विविधताओं से भरा हुआ है। महात्मा गांधी, लोकमान्य तिलक, पूर्व राष्ट्रपति कलाम ने भारत का भ्रमण किया। इन लोगों ने भारत को अपने आप में जीने का प्रयास किया उसे जानने की कोशिश की। क्या हम एक विद्यार्थी के तौर पर लोगों के खान पान, रीति रिवाज को सीखने और समझने का प्रयास कर सकते हैं। मेरा अनुभव है कि विविधता में एकता हमारी शक्ति का मंत्र है। इसे अनुभव कीजिए। एक भारत श्रेष्ठ भारत का भाव इसमें निहित है। अपनी छुट्टियों में आप कुछ जानने और समझने का अनुभव करें।

उन्होंने भारतीय सेना में महिलाओं के शामिल होने को लेकर कहा कि भारतीय सेना को लेफ्टिनेंट स्वाति और निधि के तौर पर दो वीरांगनाऐं मिली हैं। यह महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि माॅं भारती की सेवा करते – करते उनके पति शहीद हो गए थे। शहीद कर्नल महादिक की पत्नी स्वाति महादिक ने कड़ी मेहनत के साथ सेना में प्रवेश पाया। इसी तरह शहीद मुकेश दुबे की पत्नी निधि दुबे ने मन में ठाना और सेना में भर्ती पाई। देशभर में हमारी इन वीरांगनाओं के प्रति आदर होना स्वाभाविक है। इन दोनों को बहुत – बहुत बधाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फीफा द्वारा फुटबाॅल अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए भारत को मेजबानी दिए जाने पर कहा कि खेल के इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर विद्यालय स्तर पर जागृति फैले। हम इस आयोजन का स्वागत करें। उन्होंने नवरात्रि के पर्व को लेकर देशवासियों को शुभकामना देते हुए कहा कि सामान्यजन की आकांक्षाओं को पूर्ण करने के लिए देश नई ऊॅंचाईयाॅं छुए। देश चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहे। माॅ शक्ति हमें आशीर्वाद दे कि 2022 के लिए हम जो रोड़मैप बनाऐं उस पर संकल्प के साथ चलें।